Wednesday, November 28, 2007

भइया सुनो पते की बात




जायका बदलना जीवन में ज़रूरी है इसलिए मैंने सोचा की ग़ज़ल की जगह एक कविता पोस्ट करता हूँ. इस कविता की परिकल्पना मेरी छोटी बहिन ने की थी, मैंने सिर्फ़ शब्दों को इधर उधर कर दिया है. आशा है (और तो है भी क्या?) की आप को ये पसंद आएगी.


भइया सुनो पते की बात
नेता गर बनना चाहो तो
मार शरम को लात.

झूठ ,कपट,चोरी मक्कारी
हरदम ख़ूब चलाओ तुम
दीन धरम इमान की मिलकर
धज्जी ख़ूब उडाओ तुम
बेशर्मी से पहन ले रेशम
पर खादी को कात
भइया सुनो पते की बात

रख के सच को ताक पे प्यारे
खुशियाँ रोज मनाये जा
देश समझ के माल बाप का
जितना चाहे खाए जा
कहाँ कहाँ लूटा जा सकता
इसपे रखना घात
भइया सुनो पते की बात

लिख पढने में समय गवाना
तेरा काम नही है
चाक़ू डंडा छुरी चलाना
तेरे लिए सही है
गिर जा जहाँ तलक गिर सकता
पर मत खाना मात
भइया सुनो पते की बात

इक दिन तेरे नाम की माला
देखो जिसे घुमायेगा
पाठ्य पुस्तकों तक में तेरा
चित्र छपाया जाएगा
पता मगर ना चलने देना
तू अपनी औकात

भइया सुनो पते की बात
नेता गर बनना चाहो तो
मार शरम को लात.