Monday, June 1, 2015

छुपाये हुए हैं वही लोग खंज़र

बहुत अरसे बाद एक साधारण सी ग़ज़ल हुई है



नहीं है अरे ये बग़ावत नहीं है 
 हमें सर झुकाने की आदत नहीं है 

 छुपाये हुए हैं वही लोग खंज़र
 जो कहते किसी से अदावत नहीं है 

 करूँ क्या परों का अगर इनसे मुझको 
 फ़लक़ नापने की इज़ाज़त नहीं है 

 उठा कर गिराना गिरा कर मिटाना 
 हमारे यहाँ की रिवायत नहीं है 

 मिला कर निगाहें ,झुकाते जो गर्दन 
 वही कह रहे हैं मुहब्बत नहीं है 

 बहुत करली पहले ज़माने से हमने 
 हमें अब किसी से शिकायत नहीं है 

 करोगे घटाओं का क्या यार 'नीरज' 
अगर भीग जाने की चाहत नहीं है