बस्ती बस्ती में सुनिए जिंदाबाद के नारे
पहले मुल्क होता था अब महान हैं चेहरे
*
लालमन की हर कोशिश मिल गई न मिट्टी में
चार बीघा खेतों में बढ़ गई हवेली फिर
*
हर शख्स किसी तौर मिटाने पे तुला है
चेहरे पे हुईं जब से नमूदार लकीरें
*
इन दिनों ख़ामोश रहता हूं
आ गया है गुफ़्तगू करना
*
रोशनी, ताज़ा हवा, खुशियां, सुकून
ये हमारे हक़ नहीं है भीख हैं
*
तब उल्टी बात का मतलब समझने वाले होते थे
समय बदला, कबीर अब अपनी ही बानी से डरते हैं
पुराने वक़्त में सुल्तान ख़ुद हैरान करते थे
नए सुल्तान हम लोगों की हैरानी से डरते हैं
न जाने कब से जन्नत के मज़े बतला रहा हूं मैं
मगर कम-अक़्ल बकरे हैं कि कुर्बानी से डरते हैं
*
सब कहते हैं बस कुछ ही दिन
सचमुच क्या ऐसा लगता है
ये शायद 2009 की बात होगी। मैं तब खोपोली में नौकरी कर रहा था कि किसी एक रविवार को मोबाइल की घंटी बजी ,अनजान नंबर था मैंने देख के अनदेखा ये सोच के कर दिया कि किसी बैंक वाले का होगा जो मुझे उसके बैंक से लोन लेने के हज़ार फायदे गिनवायेगा मेरे मना करने पर भी नहीं मानेगा। कुछ समय बाद मोबाइल की घंटी फिर से बजी वो ही नंबर था। मैंने सोचा कि बैंक वाले यूँ लगातार फोन नहीं करते कोई और ही होगा लिहाज़ा उसे उठा लिया। उधर से खनकदार आवाज़ आयी 'नीरज जी बोल रहे हैं ?' मैंने कहा 'जी हाँ -आप कौन ?' जवाब आया 'अरे हमें छोडो मियाँ ये बताओ हमने आपका क्या बिगाड़ा है ?' मैंने हैरान हो कर कहा कि 'भाई जब मैं आपको जानता ही नहीं तो आपका क्यों और क्या बिगाड़ूँगा ?' उधर से एक बड़े जोरदार कहकहे के साथ जवाब आया कि 'लगता है नीरज भाई आप हमारी दुकान बंद करवा के ही मानेंगे' अब मैं कुछ झल्लाया और बोला ' आप क्या बात कर रहे हैं ? कौनसी दुकान? फिर उसके बाद जो जवाब आया उसे सुन कर मेरी बांछें खिल गयीं क्यूंकि मुझे कहा गया कि नीरज जी आप बहुत अच्छी ग़ज़लें कह रहे हैं और अगर आप इसी तरह कहते रहे तो बहुत से उभरते शायरों की दुकानें बंद हो जाएँगी। मैंने हंस कर बात टाल दी और कहा कि आप मुझे चने के झाड़ पर न चढ़ाएं क्यूंकि मैं तो अभी ग़ज़ल का ककहरा सीख रहा हूँ। तब सोशल मिडिया पर झूठी वाह वाही करने का शुरूआती दौर था जो आज अपने पीक पर है। तब मुझे मालूम नहीं था कि जो शख़्स मेरी तारीफ़ कर रहा है वो खुद एक कद्दावर शायर है।
मेरी बात सुन कर मोबाईल पर कुछ देर सन्नाटा रहा फिर आवाज़ आयी कि नीरज जी आप अगर सीखने के दौर में ऐसा कह रहे हैं तो यकीन मानिये आने वाले वक़्त में आप बेहतरीन कहेंगे। वो बेहतरीन वक्त तो खैर नहीं आया क्यूंकि थोड़े ही वक्त में मुझे ये बात समझ में आ गयी थी कि अच्छी शायरी क्या होती है और जब ये बात समझ में आयी तब मैंने ग़ज़लें कहना छोड़ दिया।
उस दिन के बाद से फोन का सिलसिला अभी तक जारी है जिसमें शायरी की बात कम और कहकहों के अनार ज्यादा फूटते हैं।
क़दम ठहरे तो उग आते हैं घास और फूस धरती पर
क़दम बढ़ते रहें तो इससे पैदा लीक होती है
बहुत से नाम है इमदाद राहत कर्ज़ हमदर्दी
समझ पाना कठिन है कौन सी शै भीख होती है
*
क्या कहा लेता नहीं कोई सलाम
मशवरा मानो मेरा, सजदा करो
*
थोड़ा और उबर के देखो
जीवन कारावास नहीं है
बाहर तो सारे मौसम हैं
आंगन में मधुमास नहीं है
इक जीवन इतने समझौते
हमको बस अभ्यास नहीं है
*
मैंने सिर्फ एक सच कहा लेकिन
यूं लगा जैसे इक तमाशा हूं
मैं न पंडित न राजपूत न शेख़
सिर्फ़ इंसान हूं मैं, सहमा हूं
*
आइना हूं मैं दीवार पर
आइए देखिए जाइए
लीजिए मुल्क जलने लगा
अब तो सिगरेट सुलगाइए
बात बात पर एक से बढ़ कर एक लाजवाब जुमले उछालने वाला कहकहे लगाने वाला और ग़ज़ब की सेन्स ऑफ हूयूमर वाला ये बंदा किसी दूसरे पर नहीं अपने ऊपर ही हँसता है। ये बंदा शायरी बहुत संजीदगी से करता है जिसमें न जुमले बाज़ी होती है न लफ़्फ़ाज़ी जिसमें होती है ज़िन्दगी की हक़ीक़त और इंसान की फ़ितरत की दास्तान। बतौर राम प्रकाश 'बेखुद' जिसकी शायरी में एक आम आदमी की समस्याएं , ग़रीब की बेबसी, मज़दूर के माथे का पसीना , अबला की चीखें ,समाज की विसंगतियाँ , सियासत की साज़िशें साफ़ साफ़ दिखाई दें तो समझिये वो शायर 'सरवत जमाल' है। 'सरवत जमाल' एक ऐसा शायर भी है जिसने उर्दू और हिंदी वालों की खेमा बंदी को तोड़ा है। उनकी शायरी की ज़बान खालिस हिंदुस्तानी है जिसमें हिंदी और उर्दू दोनों ज़बानों का अक्स नज़र आता है।
अभी हमारे सामने 'सरवत जमाल' साहब की पहली ग़ज़लों की किताब 'उजाला कहाँ गया' रखी है जिसे नमन प्रकाशन लखनऊ ने प्रकाशित किया है। इस किताब में सर्वत साहब की 83 ग़ज़लें शामिल हैं। इस किताब को आप नमन प्रकाशन से 9415094950 पर मंगवा सकते हैं और सरवत जमाल साहब को इन ग़ज़लों के लिए मुबारक़ बाद देते हुए उनसे 7905626983 पर बात कर सकते हैं।
कहीं भी सर झुका दिया, नया खुदा बना लिया
ग़ुलाम क़ौम को मिलेगी कब निजात, देखिए
*
अगर है सब्र तो नेमत लगेगी दुनिया भी
नहीं है सब्र अगर फिर तो जंग है दुनिया
*
कितने दिन, चार,आठ,दस, फिर बस
रास अगर आ गया क़फ़स, फिर बस
जम के बरसात कैसे होती है
हद से बाहर गई उमस, फिर बस
हादसे, वाक़यात, अफ़वाहें
लोग होते हैं टस से मस, फिर बस
*
इस तरफ आदमी उधर कुत्ता
बोलिए, किसको सावधान करें
*
आंधी से टूट जाने का ख़तरा नज़र में था
सारे दरख्त़ झुकने को तैयार हो गए
*
फिर यूं हुआ कि सब ने उठा ली कसम यहाँ
फिर यूं हुआ कि लोग ज़बानों से कट गए
*
कुछ घरों में धुंआ ही उठता है
हर जगह रोशनी नहीं होती
*
हमारे दौर के बच्चों ने सब कुछ देख डाला है
मदारी को तमाशों पर कोई ताली नहीं मिलती
गोरखपुर निवासी जनाब जव्वाद अली और ज़ीनत बेग़म के यहाँ जब 29 ऑक्टूबर 1956 को सरवत का जन्म हुआ तब घर में कोई बैंड बाजे नहीं बजे। बस चुपके से सात बहन भाइयों में एक बेहद आम शक्ल-ओ-सूरत के बच्चे का शुमार हो गया। सब बच्चों के साथ इनकी भी परवरिश होती रही। कुछ सालों बाद उनकी माँ को अहसास हुआ कि, ये लोगों को अपने जुमलों से हंसा हंसा कर लोट-पोट कर देने वाला ,खूबसूरत आवाज़ में गाना गाने वाला, अपनी एक्टिंग से सबको हैरान कर देने वाला और भाषण देने में आगे रहने वाला बच्चा सबसे अलग है। कभी कभी संजीदा हो कर कुछ लिखता भी है। पिता जव्वाद अली साहब को उनके इस लिखने के हुनर का पता चलता उससे पहले ही वो इस दुनिया-ऐ-फ़ानी से रुख़सत फ़रमा गए। जब तक 'सरवत' ग़ज़ल कार के रूप में शोहरत हासिल करते, माँ भी उन्हें छोड़ कर चली गयीं। 'सरवत' साहब को इस बात का आज भी बेहद मलाल है कि उनके माँ-बाप अपने बेटे के इस हुनर को बिना जाने ही उन्हें छोड़ गए।
संजीदगी से 'सरवत' साहब का यूँ तो छत्तीस का आंकड़ा रहता है सिर्फ ग़ज़ल कहते वक्त ही वो संजीदा रहते हैं इसीलिए वो अपनी ग़ज़लों को भी संजीदगी से नहीं लेते। उनके बेहद क़रीबी दोस्त जनाब 'मलिक ज़ादा जावेद' साहब उनके बारे में लिखते हैं कि 'सरवत जमाल को न सिले की परवाह है न सताइश की तमन्ना है इसलिए वो शोहरत के पीछे नहीं भागते बल्कि शोहरतें इनके इर्द गिर्द तवाफ़ करती हैं। ,
भला तोता और इंसानों की भाषा
मगर पिंजरे के मिट्ठू बोलते हैं
जिधर घोड़ों ने चुप्पी साध ली है
वहीं भाड़े के टट्टू बोलते हैं
*
उसकी चुप क्या है, कोई सोचने वाला ही नहीं
लोग ख़ुश हैं कि सवालात कहां तक पहुंचे
*
तुम तो यही कहोगे निकाला कहाँ गया
फिर ये सवाल है कि उजाला कहाँ गया
यह ठीक है कि आप की ख़ूराक बढ़ गई
लेकिन हमारे मुंह का निवाला कहाँ गया
चोरी हुई तो इसकी कोई फ़िक्र ही नहीं
सबको यही पड़ी है कि ताला कहाँ गया
*
इक हवेली भी गिरी छप्पर के साथ
हौसले देख़ो ज़रा तूफ़ान के
*
तमाम चर्चे, तमाम ख़र्चे, तमाम कर्ज़े
मगर हमारा वतन अभी तक महान है ना
*
महाभारत में अबकी कौरवों ने शर्त यह रख दी
बिना रथ युद्ध होगा सारथी का क्या भरोसा है
*
यह जीवन है कि बचपन की पढ़ाई
ज़रा सी चूक पर सौ बार लिखना
सरवत साहब अपनी शायरी को लेकर किस कदर लापरवाह थे इसका अंदाजा आपको उनके एक पुराने दोस्त रवि राय की इस बात से लग जाएगा रवि लिखते हैं कि "मैं काफी दिनों बाद शायद ईद के मौके पर इनके घर गया था। हम दोनों बेडरूम में ही बैठे थे ।मुझे तकिए के नीचे एक पर्ची दिखी जिस पर एक मुकम्मल ग़ज़ल लिखी हुई थी ।लिखावट सरवत की ही थी । मेरी सवालिया निगाहों के जवाब में बोले 'ये तो कल रात अचानक बन गई'। मैं पर्ची पढ़ रहा था तभी नाश्ता लेकर भाभी कमरे में आईं । उन्होंने तकिए के गिलाफ में हाथ डालकर वैसी ही 10-12 पर्चियां बिस्तर पर रख दीं । 'ये क्या है' मैंने हैरत से पूछा 'बैठे-बैठे यही सब तो करते रहते हैं दिनभर' कह कर भाभी चाय रख कर चली गईं।
मैंने सारी पर्चियां तरतीबवार देखीं ।एक से बढ़कर एक ग़ज़लें । मैं हक्का-बक्का रह गया ।'अबे तू कब से शायर बन गया?' सरवत का मुंह देखने लायक था, जैसे चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए हों ।'अरे ये सब ऐसे ही है ' । 'गजब हो भाई, इसको कम से कम किसी कॉपी या डायरी में लिख डालो । एक किताब छप जाएगी। 'छोड़ो यार, किताब का क्या करेंगे? कहते हुए सरवत ने लापरवाही भरे अंदाज़ में इस बार पलंग के गद्दे के नीचे हाथ घुसेड़ कर रखी वैसी ही ढेर सारी पर्चियां निकाल कर मेरे सामने बिखेर दीं । भाभी ने बताया कि पहले ऐसी न जाने कितनी पर्चियां झाड़ू मार कर कूड़ेदान के हवाले की जा चुकी हैं। ये तो मैं हूँ जो उन्हें बटोर बटोर कर गद्दे के नीचे डालती रहती हूँ वरना इनकी फिलॉस्फी तो ग़ज़लें लिख कूड़े में डाल वाली है। ये बात माननी पड़ेगी कि सरवत साहब बहुत खुशकिस्मत हैं इतनी समझदार और लगातार हौसला बढ़ाने वाली शरीके हयात उन्हें नसीब हुई वरना ज्यादातर शायरों की बीवियां उनकी शायरी पर कुढ़ती ही मिलेंगी। इस बात को सरवत साहब फ़क्र से सबको बताते भी हैं। बीवी ही नहीं उनके बच्चों ने भी हमेशा उन्हें उत्साहित किया है। उनकी ज़िंदादिली का सबसे बड़ा राज़ भी शायद यही है।
रवि लिखते हैं कि 'बहरहाल शायद मेरे बार-बार कहने और कुछ इनकी एक दोस्त की मेहरबानी से सरवत जमाल की ये सारी पर्चियां रेलवे की एक काली डायरी में दर्ज हो गईं । लंबे वक्त तक यह डायरी मेरे पास रही।'
सफर आसान पहले भी नहीं था
मगर तब ज़िंदगी भी ज़िदगी थी
*
वह कह रहा है कि दरवाजे बंद ही रखना
मैं सोचता हूं कि इस घर में खिड़कियां होती
*
दिन बुरे भी हों तो ये हैं दिन ही
रात रोशन भी हो तो काली है
*
जिंदा है सभी लेकिन
किस बदन में जुंबिश है
खाली पेट और ईमान
सख़्त आजमाइश है
फिर वो धीरे से बोला
पास में सिफारिश है
सन 2006 के आसपास सोशल मिडिया लोकप्रियता की और बढ़ रहा था। उसी दौर में सरवत साहब की ग़ज़लें फेसबुक और ब्लॉग में पोस्ट होने लगीं। धीरे लोग उन्हें पहचानने और पसंद करने लगे और उन्हें दिल्ली, भोपाल, पटना, इलाहबाद लखनऊ के अलावा देश के छोटे बड़े शहरों में होने वाले मुशायरों में बुलाया जाने लगा। पत्र-पत्रिकाओं में में भी उनके छपने की रफ़्तार बढ़ने लगी। उनकी लोकप्रियता का अंदाज़ा आप रवि राय जी द्वारा बयां की एक घटना से लगा सकते हैं। शिमला में आल इण्डिया मुशायरा था वसीम बरेलवी सहित देश के तमाम बड़े शायर उसमें शिरकत कर रहे थे। सरवत साहब ने अपने कलाम से मुशायरा लूट लिया। उनके शेरों पर दाद देने के लिए वसीम साहब अपनी कुर्सी से उठ कर माइक तक आये और उन्हें गले लगा लिया। मुशायरा ख़तम होने के बाद सारे शायर और आयोजक डिनर के लिए चले गए लेकिन सरवत जमाल को उनके चाहने वाले घेरे रहे। इतनी लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद सरवत को मुशायरों का माहौल ज्यादा रास नहीं आया। अपने उसूलों से समझौता न करने वाले सर्वत का दिल मुशयरों में होने वाली चाटुकारिता को देख दुखी होता। उन्हें किसी ख़ेमे से जुड़ना ग़वारा नहीं है और मुशायरों में किस क़दर खेमे बाज़ी है ये बात आज किसी से छुपी नहीं है इसलिए मुशायरों में उन्होंने जाना बहुत ही कम कर दिया।
सरवत साहब से मेरा हालाँकि दस सालों से ज्यादा का राबता है एक बार उनके दोस्त मालिक जादा जावेद के साथ उनसे दिल्ली के बुक फ़ेयर में मुलाक़ात भी हुई है ।उनसे फोन पर इतनी बार बात हुई है कि रूबरू न मिल पाने का कभी मलाल नहीं रहा ।जब मैंने इस लेख के लिए उनसे उनकी ज़िन्दगी के मुश्किल दौर के बारे में पूछा तो बोले ' यार क्या करेंगे लोग मेरे और मेरी दुश्वारियों के बारे में जानकर, वो मुझे पढ़ लें इतना ही बहुत है।' सरवत साहब से बरसों से हो रही बातचीत के बाद मुझे पता लग चुका है कि ये इंसान बला का खुद्दार इंसान है और जब किसी की मदद का मौका आता है तो उस पर सब कुछ न्यौछावर करने में गुरेज़ नहीं करता। लोगों ने सरवत की इस भलमनसाहत का भरपूर फायदा उठाया है. बदले में बजाय उसका शुक्रगुज़ार होने के उसकी टांग ही खींची है। जिन्हें सरवत ने क़लम पकड़ना सिखाया वही उसे शायर मानने को तैयार नहीं हैं। ऐसे लोगों के मानने न मानने से सरवत साहब को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता उनका मानना है कि वक़्त अच्छे बुरे का फैसला खुद कर देगा। बहुत से लोकप्रिय वाह वाही लूटने वाले बड़े बड़े शायर आज गुमनामी के अँधेरे में खो गए हैं याद सिर्फ वो रह जाते हैं जिनके क़लाम में जान होती है लफ़्फ़ाज़ी नहीं।
सरवत साहब और उनकी की शायरी पर दैनिक जागरण के हिमांचल प्रदेश राज्य के संपादक श्री नवनीत शर्मा ने जो लिखा है उसके बाद और किसी के लिखने को कुछ खास नहीं बचता। वो लिखते हैं है कि 'सरवत जमाल किसी भी तौर आरी से घबराने का नाम है ही नहीं। ग़ज़ल हो या जीवन पेशेवर क्षेत्र हो या निजी इलाक़ा सरवत जमाल पत्थर खाते हुए ही आगे बढे हैं। ' उजाला कहाँ गया' कहने वाले रौशनी के तलबगार तो कई मिलेंगे लेकिन उजाले के मुरझाने के कारणों की तलाश करने वाला विरला ही होता है। सरवत की शायरी में आपको थके या घिसे पिटे शब्द नहीं मिलेंगे। शायद ही कोई ऐसा शब्द उनकी ग़ज़ल में हो जिसके लिए शब्दकोश देखना पड़े। ग़ज़ल की सकारात्मक प्रयोगशाला का बड़ा नाम है सरवत जमाल।'
सरवत जमाल जैसा कि मैंने पहले बताया अपने बारे में ज्यादा कुछ बताने में विश्वास नहीं रखते। आत्मप्रचार और यश लोलुपता से उनका तअल्लुक़ नहीं है इसलिए उनके बारे में जो कुछ भी लिख सका हूँ वो सब इसी किताब 'उजाला कहाँ गया' से ही लिया हुआ है। आखिर में पेश हैं और चुनिंदा शेर :
जो मेरे हाथ में माचिस की तीलियां होतीं
फिर अपने शहर में क्या इतनी झाड़ियां होतीं
पचास साल इसी ख़्वाब में गुज़ार दिए
बहार होती, चमन होता, तितलियां होतीं
*
सफर आसान पहले भी नहीं था
मगर तब जिंदगी भी जिंदगी थी
विभीषण और विभीषण बस विभीषण
भरत से कब किसी की दोस्ती थी
वो पत्थर पत्थरों पर मारता है
कभी ये भूल हमसे भी हुई थी
*
बचा है कोई भी, जो आज खुद को
बिना तोड़े मरोड़े पालता है
*
रोशनी की बहार है फिर भी
रोशनी का अकाल पहले सा
*
जश्न है, ख़मोशी है सब पड़े हैं सजदे में
इस जगह से राजा का क़ाफ़िला निकलता है
उम्र बीत जाती है सिर्फ ये समझने में
चक्रव्यूह से कैसे रास्ता निकलता है
*
सफाया जंगलों का हो गया फिर
अकेली सिर्फ़ आरी रूबरू थी

