Monday, July 13, 2015

पालकी लिए कहार की



ज़बान पर सभी की बात है फ़क़त सवार की 
 कभी तो बात भी हो पालकी लिए कहार की 

 गुलों को तित्तलियों को किस तरह करेगा याद वो 
कि जिसको फ़िक्र रात दिन लगी हो रोजगार की 

 बिगड़ के जिसने पा लिया तमाम लुत्फ़े-ज़िन्दगी 
 नहीं सुनेगा फिर वो बात कोई भी सुधार की 

वो खुश रहे ये सोच कर सदा मैं हारता गया 
 लड़ाई जब किसी के साथ लड़ी आरपार की

 जिसे भी देखिये इसे वो तोड़ कर के ही बढ़ा 
 कहाँ रहीं हैं देश में जरूरतें कतार की 

तुझे पढ़ा हमेशा मैंने अपनी बंद आँखों से 
 ये दास्तान है नज़र पे रौशनी के वार की 

 चढ़े जो इस कदर कि फिर कभी उतर नहीं सके 
 तलाश ज़िन्दगी में है मुझे उसी खुमार की