Monday, August 8, 2011

डरूंगी मैं धमाकों से हुआ पागल है क्या ढक्कन?

मुंबई में बम ब्लास्ट अब कोई अनहोनी घटना नहीं है. इस शहर को न जाने कितने बम ब्लास्टों के हादसों से गुज़ारना पड़ा है. अभी हाल ही में तेरह जुलाई की शाम को भी बम ब्लास्ट हुआ जिसमें कई मासूम जानें गयीं. मुंबई इन सब वारदातों से बहुत आहत है लेकिन टूटी नहीं है. ये ही मुंबई की खासियत है. जिंदादिली कोई इस शहर से सीखे।

मुंबई ने मुझे खुद अपनी ज़बान में, जो उसी की तरह मस्त और बिंदास है, ये ग़ज़ल भेजी है जिसमें उसने आतंकवादियों को डराया धमकाया भी है और समझाया भी है. काश इसे कोई आतंकवादी पढ़े, समझे और गुणे.

मुझे क्‍या सोच कर तू यूं डराता है, बता ढक्‍कन,
डरूंगी मैं धमाकों से हुआ पागल है क्या ढक्कन

ऐ हलकट सुन, अगर है नाज़ ताक़त पर तुझे तो फिर,
हमेशा वार छुप छुप के ही क्यूँ तूने किया ढक्कन
?

बहुत लफड़े किये हैं अब लगेगी वाट वो तेरी
करेगा ज़िन्दगी भर फिर नहीं कोई खता ढक्कन

जला करता है क्‍यों तू आग में हरदम अदावत की
कभी तो प्यार के दरिया में भी डुबकी लगा ढक्कन

बड़ी ही रापचिक सी ज़िन्दगी रब ने अता की है
इसे बर्बाद करने पर भला तू क्यूँ तुला ढक्कन ?

किसी के काम आने के लिए ही जिंदगानी है
किसी की जान ले लो ये कहाँ तूने पढ़ा ढक्कन ?

लगा कलटी बदी की तू अँधेरी सर्द राहों से
नहीं कुछ हाथ आएगा अगर इन पर चला ढक्कन




(इस ग़ज़ल को लिखवाने के पीछे गुरुदेव पंकज सुबीर जी का बहुत बड़ा हाथ है)