Monday, November 16, 2009

छोटी सी मुस्कान भिडू


मुंबई के लोग जितने दिलचस्प हैं उतनी ही दिलचस्प है उनकी भाषा. ये भाषा जो न मराठी है और ना ही हिंदी ये अजीब सी भाषा है, जिसका भारतीय संविधान में दी गयी भाषा सूची में कोई जिक्र नहीं है लेकिन इसे बोलने सुनने में जो आनंद मिलता है उसे बयां नहीं किया जा सकता. ये दिल से बोली जाती है और दिल से ही सुनी जाती है.

आज की ग़ज़ल उसी भाषा में कही गयी है ,जिसे मुंबई वाले दिन रात बोलते नहीं थकते. उम्मीद है भाषा विद इस प्रयोग से नाराज़ नहीं होंगे, क्यूँ की ग़ज़ल की भाषा अगर रोज मर्रा वाली हो तो उसका मजा ही कुछ और है. जो लोग भाषा का आनंद नहीं उठाना चाहते वो ग़ज़ल में कही गयी बातों का आनंद लें. मतलब आनंद लेने से है जैसे भी हो लें.
.
रदीफ़ में भिडू शब्द प्रयोग किया गया है जिसका अर्थ है दोस्त, मित्र, सखा...


बे-मतलब इन्सान भिडू
होता है हलकान भिडू

अख्खा लाइफ मच मच में
काटे वो, नादान भिडू


प्यार अगर लफड़ा है तो
ये लफड़ा वरदान भिडू


कैसे हम बिन्दास रहें
ग़म लाखों, इक जान भिडू


बात अपुन की सिंपल है
दे, फिर ले सम्मान भिडू


जब जी चाहे टपका दे
रब तो है इक डान भिडू

फुल टू मस्ती में गा रे
तू जीवन का गान भिडू


सब झगडे खल्लास करे
छोटी सी मुस्कान भिडू

जीवन है सूखी रोटी
तू 'मस्का-बन' मान भिडू

'मस्का-बन' मुंबई वासियों का बहुत प्रिय आहार है...इसमें दो पाव के बीच, जिसे 'बन' कहते हैं खूब सारा मख्खन (मस्का) लगा के खाया जाता है...मुंबई के हर गली नुक्कड़ पर आपको इसका ठेला मिल जायेगा....

'खोखा' 'पेटी' ले डूबी
हम सब का ईमान भिडू

('खोखा' 'पेटी' मुम्बईया जबान में एक करोड़ रूपये और एक लाख रूपये के लिए प्रयुक्त प्रचिलित शब्द हैं.)

'नीरज' उसकी वाट लगा
जो दिखलाये शान भिडू



(इस ग़ज़ल को गुरुदेव पंकज सुबीर का आर्शीवाद प्राप्त है)

Monday, November 9, 2009

रंगोली सजाओ...रे

"स्टेलनेस मेरा ही यू.एस.पी. हो, ऐसा नहीं है। आप कई ब्लॉगों पर चक्कर मार आईये। बहुत जगह आपको स्टेलनेस (स्टेनलेस से कन्फ्यूज न करें) स्टील मिलेगा| लोग गिने चुने लेक्सिकॉन/चित्र/विचार को ठेल^ठेल (ठेल घात ठेल) कर आउटस्टेण्डिंग लिखे जा रहे हैं।

असल में हम लोग बहुत ऑब्जर्व नहीं कर रहे, बहुत पढ़ नहीं रहे। बहुत सृजन नहीं कर रहे। टिप्पणियों की वाहियात वाहावाहियत में गोते लगा रिफ्रेश भर हो रहे हैं!"

ज्ञान भईया ने अपने ब्लॉग में सात नवम्बर को प्रकाशित पोस्ट पर उक्त पंक्तियाँ लिखीं, तभी दिल ने कहा प्यारे तुम भी तो ये ही सब कुछ कर रहे हो अपने ब्लॉग पर. याने अपनी एक आध ग़ज़ल और बीच बीच में किताबों की जानकारी ठेल रहे हो...कुछ और भी करो यार. तभी इस पोस्ट को लिखने का ख्याल आया. उम्मीद है सुधि पाठकों का जायका बदलने में ये पोस्ट थोडी बहुत सहायक होगी.



यूँ तो दिवाली कब की जा चुकी, लेकिन उसकी खुमारी अभी तक बरकरार है. पिछले दिनों यूँ ही शाम घर से लोनावला घूमने निकल गए. घूमते घूमते वहां के टाऊन हाल जा पहुंचे जहाँ रंगोली स्पर्धा का बोर्ड लगा हुआ था. रंगोली आप समझते हैं न अरे वोही जिसे बंगाल में 'अल्पना' , बिहार में 'अरिपना, राजस्थान में 'मांडना', गुजरात, महाराष्ट्र और कर्णाटक में 'रंगोली' , उत्तर प्रदेश में 'चौक पुराना' केरल और तमिल नाडू में 'कोलम' और आन्ध्र प्रदेश में 'मुग्गु' के नाम से पुकारा जाता है. जिसमें गुलाल, रंगीन मिटटी, संगमरमर के रंगीन चूरे के मिश्रण से फर्श पर चित्रकारी की जाती है .ये प्रथा बहुत पुरानी है. उत्सुकता हमें अन्दर खींच ले गयी. एक बड़े से हाल में जब वहां उकेरी हुई रंगोलियों को देखा तो मुंह खुले का खुला ही रह गया. आप लोगों ने शायद इस से पहले इस तरह की रंगोली देखी हो लेकिन मेरे लिए ये पहला मौका था.

आयीये देखते हैं उन्हीं प्रर्दशित रंगोलियों में से कुछ के चित्र जो मैंने अपने मोबाईल कैमरे से खींचे खास तौर पर आपके लिए, पसंद ना आयें तो दोष मेरे मोबाईल को दें मुझे नहीं.

(चित्रों पर क्लिक करने से आप इस कला की बारीकियां शायद अच्छे से पकड़ पायें)

सबसे पहले देखते हैं हाल में घुसते ही नज़र आने वाले दृश्य को


आगे बढ़ने पर परम्परागत रूप को प्रर्दशित करती हुई ये रंगोली देख ठिठकने को मजबूर होना पड़ा. रंग संयोजन और आकर्षक डिजाईन देख बरबस हाथ ताली बजाने लगे.


तभी दायें हाथ नज़र पड़ी तो मुंह खुला का खुला रह गया. ये चित्र बहुत आकर्षक था. देखिये लड़की की चुम्बकीय आँखें और लहराते बाल...और दाद दीजिये इस कलाकार की कलाकारी को.


थोडा आगे बढ़ते ही दिखाई दिया सिर्फ दो रंगों से सजी अद्भुत रंगोली . ईंट के बुरादे और काले रंग के माध्यम से साक्षात् चाणक्य स्वरुप चित्र देख कर मेरा सर कलाकार के आदर में झुक गया.


फिर आयी बारी उस चित्र की जिसे देख आँखें धन्य हुईं...आकाश पर उड़ते परिंदों को देखती युवती के इस चित्र ने अजब उदासी का समां बाँध दिया. हैरत हुई की कैसे इन नाज़ुक पलों को घूसर रंगों से कलाकार ने पकड़ लिया .


बात यहीं ख़तम हो जाती तो ठीक था लेकिन एक छोटे से कोने में कप प्याली में पढ़ी चाय के चित्र ने ग़ज़ब ढा दिया. कलाकार की कलाकारी ही थी की इस सामान्य से चित्र को उसने अपने कौशल से नयनाभिराम बना दिया.


ग्रामीण परिवेश और उसी वेशभूषा में इस वृद्ध के चित्र पर आप कुछ कहना चाहेंगे, मैं तो कह नहीं पाऊंगा क्यूँ की मेरी तो बोलती ही इसे देख कर बंद हो गयी थी.



सुधि पाठको पहले से आगाह कर दूं की अगले दो चित्र आपको तालियाँ बजाने पर मजबूर कर देंगे. क्यूँ इन चित्रों में रंग संयोजन तो कमाल का है ही लेकिन जो भाव हैं वो बस अद्भुत हैं.

पहला चित्र है एक लड़की जिसके बाल बिखरे बिखरे से हैं...आँखें आपसे कुछ कह रही हैं...इतना बोलता चित्र वो भी रंगों के माध्यम से फर्श पर बनाना एक चमत्कार ही है.


दूसरा चित्र है इंतज़ार रत युवती का. टकटकी लगाये आँखें...उदास चेहरा...ढीले लटके हाथ...बेताबी...हताशा...उफ्फ्फ...इन सब को शेड्स डाल कर इस खूबसूरती से चित्रित किया गया था की बस आँखें वहां से हिलने का नाम ही नहीं ले रहीं थीं...


अगला चित्र प्रेम की पराकाष्ठा के प्रतीक राधा और कृष्ण का था...आँखें शायद बूंदी शैली जैसी थीं...मैं क्षमा चाहूँगा अगर कहीं ये बात गलत साबित हुई तो क्यूँ की मैं चित्रकला विशेषग्य नहीं हूँ एक साधारण दर्शक हूँ और इन रंगोलियों को देखने का मेरा दृष्टिकोण भी एक साधारण दर्शक का ही है. जो विशेषग्य हैं वो ही शायद इन चित्रों में निहित कला की ऊचाईयों या कमियों को समझ सकते हैं


यूँ तो इस प्रदर्शनी में पचास से अधिक रंगोलियाँ प्रर्दशित थीं लेकिन मेरे लिए सबको दिखाना यहाँ संभव नहीं है, इसलिए चलते चलते आखरी चित्र दिखा कर विदा लेता हूँ.



मुझे मालूम पढ़ा की ये सभी चित्रकार लोनावला के आसपास बसे छोटे छोटे गाँव के कलाकारों के द्वारा ही उकेरे गए हैं. कला किसी जगह या परिवेश की मोहताज़ नहीं मैं अपनी इस पोस्ट के माध्यम से उन अनाम चित्रकारों के और अश्वमेघ क्लब के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूँ , जिन्होंने बिना जे जे स्कूल आफ आर्ट्स या बड़ी डिग्री का सहारा लिए इतनी खूबसूरत चित्रकारी या रंगोली प्रदर्शन से मेरी एक शाम रंगीन कर दी. मुझे उम्मीद है इस आभार प्रदर्शन में आप भी मेरा साथ देंगे.

Monday, November 2, 2009

दीप जलते रहें झिलमिलाते रहें

दीपावली के पावन पर्व पर इस बार गुरुदेव पंकज सुबीर जी ने धमाकेदार तरही मुशायरे का आयोजन किया. जिसमें देश विदेश के जाने माने माँ सरस्वती के उपासकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया. इस मुशायरे में शिरकत करना ही अपने आपमें कम सम्मान की बात नहीं थी. आप सुधि पाठकों के लिए मैं , जो मेरी ग़ज़ल को वहां नहीं पढ़ पाए, यहाँ एक बार फिर प्रस्तुत करता हूँ .




दीप जलते रहें झिलमिलाते रहें
तम सभी के दिलों से मिटाते रहे

हर अमावस दिवाली लगे आप जब
पास बैठे रहें, मुस्कुराते रहें

प्यार बासी हमारा न होगा अगर
हम बुलाते रहें वो लजाते रहें

बात सच्ची कही तो लगेगी बुरी
झूठ ये सोच कर क्यूँ सुनाते रहें

दर्द में बिलबिलाना तो आसान है
लुत्फ़ है, दर्द में खिलखिलाते रहें

भूलने की सभी को है आदत यहाँ
कर भलाई उसे मत गिनाते रहें

सच कहूँ तो सफल वो ग़ज़ल है जिसे
लोग गाते रहें गुनगुनाते रहें

हैं पुराने भी 'नीरज' बहुत कारगर
पर तरीके नये आजमाते रहें

Monday, October 26, 2009

किताबों की दुनिया - 18


आज जिस किताब का जिक्र कर रहा हूँ दोस्तों वो मेरे पास बहुत अरसे से है. ना जाने कितनी बार इसे पढ़ा है इस से सीखा है. मुझे इस किताब के बारे में लिखने में शुरू से ही एक झिझक रही है. मुझे यकीन है की मैं इस किताब के बारे में जो भी कहूँगा वो अधूरा ही रह जायेगा. आप चाँद का, झील का, बादल का, परबत का, सागर का, आकाश का, धरती का कितना भी जिक्र करलें वो अधूरा ही होगा. पूरा हो ही नहीं सकता . वो असीम है जिसे शब्द नहीं बाँध सकते. शब्दों की ये मजबूरी ही मुझे इस किताब के बारे में लिखने से रोकती रही.

लेकिन इस किताब की भूमिका में ही मेरी समस्या का हल मिल गया. इस किताब की भूमिका एक बहुत ही अनोखे अंदाज़ में लिखी है पद्मश्री "कुँअर बैचैन" जी ने. मैं उसी भूमिका में से कुछ पंक्तियाँ आपके लिए प्रस्तुत कर रहा हूँ क्यूँ की इस पुस्तक की समीक्षा उन जैसे सिद्ध लेखक, कवि, शायर के बस की ही बात है.और इस किताब का आवरण पृष्ठ भी कुंअर बैचैन जी ने ही बनाया है, जो उनके लेखन के साथ साथ,चित्रकारी की कला में भी दक्ष होने का प्रमाण है.

जिस किताब का जिक्र मैं कर रहा हूँ उसके शायर हैं परम श्रधेय मेरे गुरुदेव श्री प्राण शर्मा जी , किताब का शीर्षक है "ग़ज़ल कहता हूँ"

इसे "अनुभव प्रकाशन" ई-28 लाजपत नगर, साहिबाबाद - 201005, ई-मेल: anubhavprakashan@rediffmail.com ने बहुत आकर्षक ढंग से प्रकाशित किया है.




अब आप पढिये कुंअर जी इस किताब के बारे में क्या कहते हैं :

प्राण जी बहुत प्यारे शायर हैं. वे भले ही यू के. चले गए किन्तु उनकी स्मृतियाँ अभी अपने देश भारत से जुडी हैं, उन्हें क्षोभ इस बात का है की पैसे की खातिर यू.के. चले आये. वे कहते हैं:

हरी धरती खुले नीले गगन को छोड़ आया हूँ
कि कुछ सिक्कों की खातिर मैं वतन को छोड़ आया हूँ

कहाँ होती है कोई मीठी बोली अपनी बोली सी
मगर मैं "प्राण" हिंदी की फबन को छोड़ आया हूँ

प्राण शर्मा जी ऐसे व्यक्ति हैं, जो घर परिवार को सर्वाधिक महत्व देते हैं. उन्हें इस बात का गहरा दुःख है कि आज परिवार टूट रहे हैं, उनमें दरारें पढ़ रही हैं, वे ढह रहे हैं. किन्तु यह वहीँ होता है जिनका आधार मज़बूत नहीं है:-

पुरजोर हवा में गिरना ही था उनको
ऐ "प्राण" घरों की दीवारें थीं कच्ची
***
चूल्हा चौका कपडा लत्ता खौफ है इनके बहने का
तूफानों का खौफ नहीं है खौफ है घर के ढहने का

प्राण साहब के ज़िन्दगी पर कहे गए कई अशआर हैं, जो ज़िन्दगी के प्रति उनके दृष्टिकोण को व्यक्त करते हैं, जैसे की:-

जागती है कभी जगाती है
ज़िन्दगी चैन से नहीं सोती
***
छोड़ जाती है सभी को
ज़िन्दगी किसकी सगी है
***
ज़िन्दगी को ढूँढने निकला हूँ मैं
जिंदगी से बेखबर कितना हूँ मैं
***
नाचती है कभी नचाती है
जिंदगानी है इक नटी प्यारे
***
माना सुख दुःख से है लदी प्यारे
फिर भी प्यारी है ज़िन्दगी प्यारे

प्राण जी के अशआरों में दार्शनिकता भी मिलती है क्यूँ की बिना दर्शन के कविता खोखली है, निष्प्रयोजन है. दुनिया तथा दुनिया से जुड़े अन्य तथ्यों पर प्राण जी ने बहुत अच्छी टिप्पणियां की हैं, आप भी पढें:-

मुस्कुराता हो तो है कुछ दाम का
फूल मुरझाया हुआ किस काम का
***
यूँ तो किसी भी बात का डर था नहीं हमें
डरने लगे तो अपने ही साए से डर गए
***
रौशनी आये तो आये कैसे घर में
दिन में भी हर खिड़की पर पर्दा है प्यारे
***
आग लगे तो इसकी कीमत राख से ज्यादा क्या होगी
पीपल की लकडी हो चाहे या लकडी हो चन्दन की

प्राण जी आध्यात्म और दर्शन से जुड़े हैं और अपनी ग़ज़लों में उन्हें स्थान देते हैं, उतने ही वो इस संसार में व्याप्त विद्रूपताओं और विसंगतियों के प्रति सचेत भी हैं. ऐसे प्रसंगों में वे कुछ तिक्त हो जाते हैं वैसे तिक्तता उनका मूल स्वभाव नहीं है.किन्तु जहाँ जरूरी है वहां तो तिक्त हुआ ही जाता है. आप देखें उनकी तिक्तता भी ग़ज़ल के अंदाज़ में कितनी साफ्ट हो गयी है:-

बात मन की क्या सुनाई जान कर अपना उसे
बात जैसे पर लगा कर हर तरफ उड़ने लगी
***
वक्त था जब दर खुले रहते थे सबके
अब तो हैं तालों पे ताले सोचता हूँ
***
संग तुम्हारा मीठा है ये सोचा था
यह पानी खारा भी है मालूम न था
***
कौन है दोस्त, है सवाल मेरा
कौन दुश्मन है ये सवाल नहीं

किसी शायर की पहचान कि वह बड़ा है या छोटा, इस बात से होती है कि उसके कितने ऐसे शेर हैं जो उधृत करने योग्य हैं , जो अनुभव से लबालब भरे हैं और लोगों के होठों तक आने और याद रखने की सामर्थ्य रखते हैं, जैसे कि ये:-

उससे उम्मीद कोई क्या रक्खे
जिसका अपना कोई ख्याल नहीं
***
खो न देना कभी इसको कहीं रख कर
दोस्ती भी दोस्तों सौगात होती है
***
हर समस्या का कोई न कोई हल है दोस्तों
गाँठ हाथों से न खुल पाए, तो दाँतों से खुले

शायर हमेशा दुखों में रहता है, उनमें तपता है , सोने से कंचन बनता है तब कहीं वो शायरी कर पाता है. कितनी सोचों में डूबता है तब कहीं कोई शेर हो पाता है.

सोच की भट्टी में सौ सौ बार दहता है
तब कहीं जाकर कोई एक शेर कहता है


किताब प्राप्ति के लिए आप इस पते पर संपर्क करें :
श्री के.बी.एल सक्सेना
श्रीमहारानी भवन
3/8 रूप नगर
दिल्ली -11OOO7
मोबाईल: 9868478552


इस किताब में छपी प्राण साहब की 91 ग़ज़लों का आनंद आप जब तक उठायें तब तक हम ढूंढते हैं एक और नायाब किताब आपके लिए.

Monday, October 19, 2009

फूलों वाले पौधे बो



क्यों ,कैसे ये मत सोचो
होता है जो होने दो

चैन चलो पाया कुछ तो
जब भी पूजा पत्थर को

प्यार मिलेगा बदले में
पहले प्यार किसी को दो

किसको देता है सब कुछ
नीली छतरी वाला वो

जो देखा, सच बोल दिया
तुम क्या नन्हे मुन्ने हो

काँटों वाली राहों में
फूलों वाले पौधे बो

याद में उसकी ऐ 'नीरज'
रोना है तो खुलकर रो

(पत्थर सी ग़ज़ल को बुत की शक्ल में ढाला है गुरुदेव प्राण शर्मा जी ने)

Monday, October 12, 2009

दिया जला देना मेरे मन

दिवाली से पूर्व इस पोस्ट पर सबको अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मैं अपनी एक मनपसंद कविता जिसे श्री राज जैन जी ने लिखा है को आप सब तक पहुँचाना चाहता हूँ. उम्मीद है सुधि पाठक इसे पसंद करेंगे.





दिया जला देना मेरे मन

एक तमन्ना की तुलसी पर
इक रस्मों की रंगोली पर
इक अपनेपन के आँगन में
एक कायदों की डोली पर

ख्वाब देखती खिड़की पर इक
खुले ख़यालों की छत पर भी
एक सब्र की सीढ़ी ऊपर
इक चाहत की चौखट पर भी

एक तर्जुबे के तहखाने
एक लाज की बारी में भी
एक दोस्ती की ड्योढ़ी पर
इक किस्मत की क्यारी में भी

एक मुहब्बत के कुएँ पर
नोंक झोंक की नुक्कड़ पर भी
एक भरोसे के दरखत पर
चतुराई की चौपड़ पर भी

हर कोना हो जाए रोशन

दिया जला देना मेरे मन

राज जैन


Monday, October 5, 2009

किताबों की दुनिया - 17

मन में उतर रहे हैं किसी संत के चरण
ग़ज़लें उतर रहीं हैं भजन के लिबास में

आप लोग अकसर मुझे कहते हैं की मैं शायरी की किताबों के बारे में लिख कर बहुत बड़ा काम कर रहा हूँ और मैं हर बार आपकी इस बात का खंडन करता हूँ. बहुत बड़ा काम तो उनका है जो इस दौर में भी शायरी करते हैं और उनका भी जो शायरी की इन किताबों को छापते हैं. सबसे बड़ा काम तो हकीकत में आप लोग करते हैं जो इन्हें पढ़ते हैं. भला बताईये भाग दौड़ भरी इस ज़िन्दगी में जहाँ सबको अपने अलावा किसी और के बारे में सोचने की फुर्सत नहीं है, शायरी की किताब या उसके बारे में पढना कितना बड़ा काम है, बड़ा ही नहीं बल्कि यूँ कहिये हैरान कर देने वाला काम है...अजूबा कहें तो अधिक उपयुक्त होगा.

जिस शायर ने ये कहा है कि "ग़ज़ल बहुत बड़ी चीज़ है, बहुत ऊंची और गहरी चीज़. उस तक पहुंचना, उसे छूना, उसे जानना, उसे समझना सरल काम नहीं है. ग़ज़ल की तलाश ही ग़ज़ल की और बढ़ना है और ग़ज़ल को पा लेना ग़ज़ल से वापसी का नाम है :-

ये सोच के मैं उम्र की ऊचाईयाँ चढ़ा
शायद यहाँ, शायद यहाँ, शायद यहाँ है तू

पिछले कई जन्मों से तुझे ढूंढ रहा हूँ
जाने कहाँ, जाने कहाँ, जाने कहाँ है तू



उस अजीम शायर का नाम है "डा. कुंअर बेचैन" जो किसी परिचय के मोहताज़ नहीं. आज उन्हीं की जिस किताब का जिक्र यहाँ हो रहा है उसका शीर्षक है "आँधियों धीरे चलो" जिसमें आप पढ़ पाएंगे कुंअर जी की चर्चित ग़ज़लें.

दो चार बार हम जो कभी हँस-हँसा लिए
सारे जहाँ ने हाथ में पत्थर उठा लिए

सुख, जैसे बादलों में नहाती हों बिजलियाँ
दुःख, जैसे बिजलियों में ये बादल नहा लिए

'कुंअर बेचैन' साहब ने अपनी शायरी से इस भीड़ में अपनी एक अलग पहचान बनाई है .पदम् श्री गोपाल दास 'नीरज' कहते हैं " 'कुंअर बेचैन' ग़ज़ल कहने और लिखने वालों में सबसे अधिक ताज़े, सबसे अधिक सजग और सबसे अधिक अनुपम ग़ज़लकार हैं."
इस किताब के हर सफ्हे पर उन्होंने इस बात को सिद्ध किया है.

वो आँख क्या जो अश्क में भीगी नहीं कभी
वो भौंह क्या जो जुल्म के आगे तनी नहीं

यूँ खेल जानकार न घुमाएँ इधर-उधर
ये ज़िन्दगी है दोस्त, कोई फिरकनी नहीं

'कुंअर' जी का बात कहने का अंदाज़ सबसे जुदा है. वो अपने शेरों में ऐसे ऐसे शब्द और भाव प्रयोग में लाते हैं की पाठक दाँतों तले उँगलियाँ दबाने को मजबूर हो जाता है. बहुत सीधी साधी भाषा में कहे शेर से कमाल का असर पैदा करने का हुनर देखना हो तो उन्हें पढें:

बच्चों की गुल्लकों की खनक भी समेट ली
हम मुफलिसों का हाथ बुहारी की तरह है
बुहारी: झाडू

हमको नचा रहा है इशारों पे हर घड़ी
शायद हमारा पेट मदारी की तरह है

ये रात और दिन तो सरोते की तरह हैं
अपना वजूद सिर्फ सुपारी की तरह है

इस किताब की एक खूबी और है, ग़ज़लों के अलावा इस में बीच बीच में 'कुंअर' जी के बनाये अद्भुत रेखा चित्र भी है जो इस किताब के रंग को और भी निखार देते हैं. उनके इन रेखांकन को देख उनकी प्रतिभा के बहु आयामों को समझा जा सकता है.

मैं क्यूँ न पढूं रोज़ नयी चाह से तुझे
तू घर में मेरे एक भजन की किताब है

लोगों से कहो खुद भी कभी पढ़ लिया करें
जो उनके निजी चाल-चलन की किताब है

पढने के लिए दिन में ज़माने की धूप है
रातों में 'कुंअर' हम पे गगन की किताब है

भला हो "वाणी प्रकाशन" 21-A दरियागंज , नई दिल्ली, फोन: 011-23273167, 23275710 का जिन्होंने इस किताब को बेहद खूबसूरत ढंग से छापा है. इस संकलन में 'कुंअर' जी की एक सौ तीन ग़ज़लों के अलावा कुछ आजाद शेर भी संकलित है जैसे की ये :-

सावन में वो न आये तो हमने यही किया
झूले पे उनका नाम लिखा और झुला दिया
***
दुनिया ने मुझपे फेंके थे पत्थर जो बेहिसाब
मैंने उन्हीं को जोड़ के कुछ घर बना लिए
***
उसने फेंके मुझपे पत्थर और मैं पानी की तरह
और ऊंचा, और ऊंचा और ऊंचा उठ गया
***
मैं दिल की जिस किताब में ख़त-सा रखा रहा
तूने उसी किताब को खोला नहीं कभी

डा,कुंअर बेचैन की अब तक बहुत सी किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं और सराही गयी हैं. आपने गीत-नवगीत, गज़लें, कविता ,उपन्यास, दोहे और महा काव्य आदि पर अधिकार पूर्वक लिख ख्याति प्राप्त की है. कुंअर जी को आप उन्हीं की आवाज़ में अपनी ग़ज़लों का पाठ करते हुए http://www.radiosabrang.com/ पर सुन सकते हैं .

जब से मैं गिनने लगा इन पर तेरे आने के दिन
बस तभी से मुझको अपनी उँगलियाँ अच्छी लगीं

प्यास के मिटते ही ये क्या है कि मर जाता है प्यार
जब बढीं नजदीकियां तो दूरियां अच्छी लगीं

आप इस किताब को पढने के लिए कोई जुगत बिठाईये तब तक हम निकलते हैं एक और ग़ज़ल की विलक्षण किताब की खोज में. अपना ख्याल रखें.