Monday, July 6, 2009

किताबों की दुनिया - 13

(आज गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व के पूर्व दिवस पर मैं अपनी पोस्ट समर्पित करता हूँ अपने परम आदरणीय गुरुजनों श्री प्राण शर्माजी, श्री पंकज सुबीर जी और श्री देवेन्द्र द्विज जी को ,जिनसे मुझे अभी तक रूबरू मिलने का सौभाग्य नहीं मिला लेकिन जिनकी अमृत वाणी और शब्दों का संबल हमेशा मिला है. आज मैं जो कुछ भी कहने का साहस कर पाता हूँ ये सब उन्हीं की बदौलत है.इश्वर से प्रार्थना करता हूँ की उनका आशीर्वाद सदा मुझ पर यूँ ही बना रहे.)

*****

मुसलसल* हादसे, टूटन, घुटन, खामोश पछतावे
मैं अपनी पुरखुलुसी** की बड़ी कीमत चुकाता हूँ
मुसलसल*=लगातार
पुरखुलुसी**=सच्चाई से भरा व्यवहार

निहायत सादगी, बेहद शराफत, गहरी हमदर्दी
ये डसते हैं मुझे अक्सर, मैं अक्सर तिलमिलाता हूँ

मैं बहुत उलझन में था, इस किताब को ना जाने कितनी बार हाथ में लिया पढ़ा और रख दिया. समझ ही नहीं आ रहा था की क्या करूँ. आप ही बताईये जिस किताब की हर ग़ज़ल बेहतरीन हो उसमें से कौनसी छोडूँ कौनसी रक्खूं ये तय करना कितना मुश्किल काम है. एक ग़ज़ल चुनता तो दूसरी कहती "हम से का भूल हुई जो ये सजा हम का मिली....". आखिर ये तय किया की आँख बंद कर के इस किताब के सफ़हे पलटूंगा और जो सफहा खुलेगा उस पर छपी ग़ज़ल में से ही एक आध शेर चुन लूँगा. नतीजा आपके सामने है.

मैं जिस किताब का जिक्र कर रहा हूँ उसका नाम है "नका़ब का मौसम" और शायर हैं जनाब "योगेन्द्र दत्त शर्मा" जी



योगेन्द्र जी की शायरी खूबसूरत लफ्जों में हम सब की दास्तान ही कहती है, कभी प्यार से दुलार से तो कभी फटकार से. अपने शेरों से वो हमें चौंकाते भी हैं और हर्षित भी कर जाते हैं, शब्द प्रयोग की एक बानगी देखिये...

हम जुड़े,पर अवान्छितों की तरह
पाए वरदान शापितों की तरह

हम उपेक्षित हैं गो की सम्मानित
फ्रेम में हैं सुभाषितों की तरह

दिग्विजय की महानता ढोते
जी रहे हैं पराजितों की तरह

डस गए सांप की तरह सहसा
जो थे कल तक समर्पितों की तरह

कवि कथाकार के रूप में चर्चित और बहुत से सम्मानों से सम्मानित,श्री योगेन्द्र जी पिछले पैंतीस सालों से साहित्य साधना कर रहे हैं. आपके चार कविता संग्रह, एक कहानी संग्रह और एक ग़ज़ल संग्रह छप कर प्रशंशा प्राप्त कर चुका है, उसी ग़ज़ल संग्रह की बात हम कर रहे हैं.

ग़ज़ल में हिंदी शब्दों का प्रयोग अब कोई नयी बात नहीं रह गयी है योगेन्द्र जी ने ग़ज़ल में शब्द यूँ पिरोये हैं की वे भरती के नहीं लगते बल्कि ये एहसास करवाते हैं की जो बात उस शेर में कही जा रही है उसे कहने के लिए वो ही शब्द बिलकुल सही है.

चांदनी, जंगल, मरुस्थल, भीड़, चौराहे, नदी
हर कहीं हिरनी बनी भटकी हुई है जिंदगी

टूटने का दर्द तुमको ही नहीं है आइनों
जिस्म के इस फ्रेम में चटकी हुई है जिंदगी

चुप्पियों के इस शहर में ऊंघती निस्तब्धता
छटपटाहट एक आहट की, हुई है जिंदगी

आप उनकी शायरी में जिंदगी जीने के हुनर ढूंढ सकते हैं. वो आपको सलाह भी देते हैं और आज के हालत पर सोचने को मजबूर भी करते हैं...बिना भारी बोझिल शब्दों का सहारा लिए उनके बात कहने का अंदाज़ मोह लेता है:

आ, कि अब मृतप्राय-से-इतिहास को जिन्दा करें
आदमियत के दबे एहसास को जिन्दा करें

सांस है तो आस है - कहते चले आए बुजुर्ग
चल, कि जीने, के लिए अब आस को जिन्दा करें

रेत में प्यासे हिरन को जिंदा रखता है सराब
वास्तविक चाहे न हो, आभास को जिन्दा करें

ऐसे मौसम में, जहाँ सच बोलना दुश्वार हो
मौन रहने के कठिन अभ्यास को जिन्दा करें

सब से खास बात इस किताब की ये है की इसमें कोई भूमिका नहीं है, किसी गणमान्य शायर या साहित्यकार की टिपण्णी नहीं है न ही किसी की शुभकामनाएं हैं. सीधी सादी इस किताब में आज का धड़कता वजूद है और वो भी अपने पूरे रंग में. आप ही बताईये जिस किताब की ग़ज़ल में ऐसे शेर हों उसे किसी सहारे या फिर आर्शीवाद की जरूरत पड़ेगी? धारदार सवाल हैं जो हमें, आप और हर संवेदन शील इंसान को व्यथित कर देते हैं :

हर तरफ अंधी सियासत है, बताओ क्या करें ?
रेहन में पूरी रियासत है , बताओ क्या करें?

झुंड पागल हाथियों का, रौंदता है शहर को
और अंकुश में महावत है, बताओ क्या करें?

जुल्म की दिलकश अदाएं, रेशमी रंगीनियाँ
गिड़गिड़ाती-सी बगावत है, बताओ क्या करें?

आँख में अंगार, मन में क्षोभ, साँसों में घुटन
ये बुजुर्गों की विरासत है, बताओ क्या करें?

बात कहने की उनकी इसी अनूठी विधा को अब जरा छोटी बहर में भी निहारें...और देखें की कम लफ्जों में कैसे असर पैदा किया जा सकता है:

सोच कर बोलता हूँ मैं सबसे
बात करने का अब मज़ा न रहा

हाय वो जुस्तजू , वो बेचैनी
बीच का अब वो फासला न रहा

अब चला है वो तोड़ने चुप्पी
जब कोई उसपे मुद्दआ न रहा

किताब घर प्रकाशन वालों ने मात्र पचास रुपये में, जिसे आप डिसकाउंट मांग कर पैंतालीस भी कर सकते हैं, शायरी की इस किताब को छाप कर हम पाठकों पर बहुत बड़ा उपकार किया है. "आर्य स्मृति साहित्य सम्मान" से सम्मानित इस ग़ज़ल संग्रह को प्रत्येक ग़ज़ल प्रेमी को पढना चाहिए. किताब के कवर पर छपी इस बात को नकारना इसे पढने के बाद असंभव है की: "इस संग्रह की ग़ज़लों में एक पूरम पूर जीवन की दमक और दिव्यता का काव्यांकन है तथा साथ ही गहन नियति के परिणाम स्वरुप धुंधलाते-बुझते असंख्य दीपो का खामोश क्रंदन भी, जो की जीवन की निजी और सार्वजनिक बोली है."

साथियों इस से पहले की मैं शायरी की अगली किताब खोजने चलूँ आपको योगेन्द्र जी की एक ग़ज़ल के चंद शेर पढ़वाता हूँ इस उम्मीद से की इन्हें पढ़ कर शायद आप इस किताब को खरीदने से अपने आप को ना रोक पायें:

हर कदम पर एक कौमी गीत गाते जाइये
मुफलिसों की खाल का जूता बनाते जाइये

ज़िन्दगी की तल्ख़ कीमत हम चुकायेंगे मगर
आप इस तकलीफ का ज़ज्बा भुनाते जाइये

पीजिये रंगीन मौसम की महक वाला अरक
वक्त का कड़वा ज़हर हमको पिलाते जाइये

कामयाबी का है ये नुस्खा इसे मत भूलिए
आप जिस सीढ़ी चढ़े, उसको गिराते जाइये

जैसा मैंने शुरू में ही कहा था की इस किताब में से आपके लिए शेर छांटना मेरे लिए बहुत मुश्किल काम था फिर भी मैंने किया और ये मैं ही जानता हूँ की इस ईमानदार कोशिश के बावजूद, मैं आपको कितने ही और दूसरे खूबसूरत शेर नहीं पढ़वा पाया हूँ, उम्मीद है आप मेरी मजबूरी समझते हुए मुझे माफ़ करेंगे और योगेन्द्र जी के इन शेरों को हमेशा अपने साथ रख कर मेरा मन ही मन शुक्रिया भी अदा करेंगे.

जिन्हें सुने तो कोई बेनकाब हो जाये
किसी से भूलकर ऐसे सवाल मत करना

उसूल*, दोस्ती, ईमान, प्यार, सच्चाई
तुम अपनी ज़िन्दगी इनसे मुहाल** मत करना

उसूल* = सिद्धांत, मुहाल = कठिन